घटना

शराब तस्करों ने पुलिस पर कार चढ़ाने की कोशिश की

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब की खेप लेकर भाग रहे तस्करों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। महिंद्रा एक्सयूवी कार में छिपाकर लाई जा रही शराब के साथ तस्कर बैरिकेड तोड़कर फरार हो गए। पूरी वारदात चेकपोस्ट के सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई है।

बताया जा रहा है कि तस्कर शराब से भरी एसयूवी लेकर बिहार की सीमा में घुसने का प्रयास कर रहे थे। चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस ने बैरिकेड लगाकर गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन तस्करों ने बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ना शुरू कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद जवान अपनी जान बचाने के लिए भाग निकले।

यह घटना 25 अगस्त को हुई थी। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस तस्करों की तलाश में जुट गई है।

वीडियो में साफ दिखता है कि चेकपोस्ट पर एक पुलिसकर्मी दौड़कर बैरिकेड खींच रहा है। तभी तस्करों की कार अंदर घुसती है और बैरिकेड तोड़ती हुई आगे निकल जाती है। दूसरा जवान भी 20 फीट दूर लगे बैरिकेड को खींचने की कोशिश करता है, लेकिन बैरिकेड कार के नीचे फंस जाता है। तस्कर करीब सौ मीटर तक बैरिकेड को घसीटते हुए ले जाते हैं। इसके बाद चेकपोस्ट की टीम सक्रिय हो जाती है। कुछ जवान कार के पीछे दौड़ते हैं तो कुछ अपनी गाड़ियां स्टार्ट करते हैं। घिरते हुए देख तस्कर कार छोड़कर भाग खड़े होते हैं।

उत्पाद विभाग की टीम ने गाड़ी का पीछा किया। थोड़ी दूर पर कार छोड़कर तस्कर फरार हो गए। तलाशी में कार की सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई 180 मिलीलीटर की कुल 1,025 बोतल शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ महिंद्रा एक्सयूवी कार भी जब्त कर ली है।

फरार तस्करों की पहचान के लिए कार के रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर-01 पीडी 6325 के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि वाहन और शराब जब्त हो चुकी है। फरार तस्करों की तलाश जारी है। इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के साथ कोई हादसा नहीं हुआ।

गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी मार्ग से शराब की तस्करी प्रभावित हुई है। इसलिए तस्कर अब सड़क मार्ग से बिहार में शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बक्सर में वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट के अलावा चौसा के कर्मनाशा पुल और देवल पुल पर भी वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है। फिर भी तस्कर अलग-अलग तरीकों से शराब की खेप बिहार में घुसाने का प्रयास जारी रखे हुए हैं।

Comment here