स्थानीय

डुमरांव में महंगाई के विरोध में मार्च, पीएम का पुतला फूंका

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

डुमरांव में गुरुवार को खेग्रामस के बैनर तले महंगाई के विरोध में एक जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री का पुतला भी जलाया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ नारे लगाए और रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों पर तुरंत अंकुश लगाने की अपील की।

जुलूस नया थाना स्थित भाकपा-माले के जिला दफ्तर से शुरू हुआ। यह स्टेशन रोड, गोला रोड, पुराना थाना रोड और शहीद स्मारक होते हुए वापस नया थाना के पास पहुंचा। वहां सभा रखी गई और उसके बाद पुतला दहन किया गया।

सभा में खेग्रामस के जिला सचिव नारायण दास ने कहा कि महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा सरकार होने के बावजूद जरूरी चीजों के दाम लगातार ऊपर जा रहे हैं। दास ने चीनी, प्याज, आटा, सरसों तेल, नमक और दाल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं को आम लोगों की पहुंच से बाहर बताया। पेट्रोल-डीजल की महंगाई का घरेलू बजट पर पड़ने वाले बोझ का भी उन्होंने जिक्र किया।

कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनता की तकलीफों की अनदेखी और पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने चीनी, दाल, प्याज और सरसों तेल की जमाखोरी रोकने की मांग की। साथ ही राशन की दुकानों पर जरूरी सामान सस्ती दर पर उपलब्ध कराने की भी अपील की गई।

जुलूस के दौरान ‘महंगाई रोको, दाम बांधो’, ‘दाम बांधो, काम दो, काम का उचित दाम दो’ और ‘महंगाई नहीं रोक सकते तो गद्दी छोड़ दो’ जैसे नारे गूंजे। चीनी समेत अन्य खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब भी मांगा गया।

कार्यक्रम का संचालन भाकपा-माले नगर सचिव कृष्णा राम ने किया। मौके पर खेग्रामस जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, उपाध्यक्ष ललन राम, राज्य नेता सत्यनारायण पासवान, हरेंद्र राम, महफूज, शिवजी राजभर, मुनी देवी, ददन भर, शिवनाथ भर, साधु गोंड, भुआली गोंड, भगवान दास, छठ्ठू भर, सुनील राम, पूजा, उषा, ललन भर, पिंटू पासवान, धनजी राजभर और रमेश यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comment here