जनमित्र/बक्सर: शहर का पीएनबी बैंक (मुख्य ब्रांच)लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहा है. ऐसे में यह कोरोना संक्रमण को फैलने में अपनी भूमिका निभा सकता है. यदि ऐसा होता है तो इसके लिए पूरी तरह बैंक की प्रशासनिक व्यवस्था जिम्मेवार होगी. यह लापरवाही तब है जब राज्य में कोरोना के कई पोजिटिव रिपोर्ट सामने आये हैं. केंद्र और राज्य की सरकार कोरोना वायरस को लेकर पूरी तरह सतर्कता बरत रही है. पिछले दिनों जिलाधिकारी अमन समीर ने भी प्रेसवार्ता में कहा था कि पहले से अब ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है. और हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होना चाहिए. लेकिन, पीएनबी बैंक में सोशल डिस्टेसिंग के नियमों की धज्जिया उड़ रही हैं.

शुक्रवार को बैंक में लगी लोगों की भीड़ इस बात की तसदीक कर रही थी. बैंक में लोग एक दूसरे से पूरी तरह सटे हुए थे. लोग जमा और निकासी के काउंटर पर भी एक दूसरे से सटे रहें. उपभोक्ताओं और काउंटर के बीच की दूरी भी अन्य दिनों की तरह थी. भीड़ के कारण सामान्य दिनों की तरह लोग खड़े और बैठे दिखायी दिये. बुजुर्ग भी इस लाइन में खड़े दिखे. जबकि लॉकडाउन में बैंक नियम के अनुसार ब्रांच के अंदर 5-10 ही लोग प्रवेश कर सकते हैं और जो लोग गेट के बाहर रहेंगे उनको भी सोशल डिस्टेंसिंग में रखा जायेगा. शुक्रवार को बैंक में जो व्यवस्था रही उससे पता चलता है कि बैंक प्रबंधक कुलदीप जायसवाल को सोशल डिस्टेंसिंग से कोई लेना-देना नहीं है. इस बाबत जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें या न करें. इसे मीडिया न पूछे. इस संबंध में एलडीएम ने बताया कि अचानक बैंक में लोगों की भीड़ के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई. आगे इस पर ध्यान रखा जायेगा.

Comment here