अपराध

दिनदहाड़े युवक को मारी गोली

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एकौना गांव में बुधवार को दोपहर के समय एक चौंकाने वाली गोलीबारी की घटना सामने आई है। मामूली बहस को लेकर 18 वर्षीय मनीष कुमार पर फायरिंग कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मनीष कुमार गांव के स्कूल परिसर के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान दुबौली गांव का रहने वाला रौनक तिवारी वहां पहुंचा। दोनों के बीच अचानक किसी बात को लेकर तीखी बहस छिड़ गई, जो थोड़ी ही देर में हिंसक रूप ले ली। आरोप है कि रौनक ने कमर से पिस्तौल निकालकर मनीष के पेट में निशाना साधकर गोली दाग दी और मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी उस समय नशे की हालत में था। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रौनक सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए पिस्तौल के साथ रील बना रहा था। विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर गोली चला दी।

घायल मनीष के भाई ब्रजेश कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रौनक नशे का आदी है और पहले भी कई बार स्थानीय स्तर पर झगड़ों में शामिल रहा है। परिवार का आरोप है कि नशे के नशे में ही इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल छा गया है।

इलाज में शामिल चिकित्सक डॉ. राजीव झा ने बताया कि गोली युवक के पेट में लगी है और अभी भी शरीर के अंदर फंसी हुई है। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत नाजुक बने रहने के कारण उसे उच्च स्तर के अस्पताल भेज दिया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी रखे हुए है।

सिमरी थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। साथ ही युवाओं में बढ़ते नशे के रुख और सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

 

Comment here