अपराध

फर्नीचर की आड़ में विदेशी शराब ले जा रहे तस्कर धराए

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

उत्पाद विभाग की टीम को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच के दौरान फर्नीचर की ढेर के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करोड़ों की विदेशी शराब जब्त कर ली गई। इस पूरे मामले में दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

उत्पाद विभाग की टीम निरीक्षक सह चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ले रही थी। इसी बीच एक पिकअप वैन पर शक होने पर उसे रोका गया। गाड़ी के ऊपर सड़े-गले पुराने लकड़ी के फर्नीचर रखे हुए थे, लेकिन नीचे भारी मात्रा में शराब की पेटियां छुपाई गई थीं।

जांच में कुल 117 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें ओल्ड हबीबी व्हिस्की की 87 पेटियां (180 एमएल वाली) शामिल हैं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 1010.88 लीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख 13 हजार रुपये है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान नवीन कुमार (37 वर्ष) और केशव (28 वर्ष) के रूप में हुई है। नवीन कुमार उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के चोपई रामपुरवा का रहने वाला है, जबकि केशव राजस्थान का निवासी है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि जब्त पिकअप वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर DL-1L AR-2088 है। प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि यह शराब की खेप दिल्ली से मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी।

दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है। विभाग की इस सफलता ने तस्करों के नेटवर्क को एक बड़ा झटका दिया है।

Comment here