द जनमित्र | शशि
बक्सर में शुक्रवार की आधी रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। NH-922 पर रामगढ़ के पास दो स्कॉर्पियो गाड़ियों की जोरदार टक्कर हो गई। बारातियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके चलते दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भरियार गांव के मोनू बिंद (22) और चारघाट की राधिका कुमारी (15) के रूप में हुई।




हादसे में नौ अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हुए। चार की हालत नाजुक देख बक्सर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि पांच का इलाज रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
एक घायल महिला ने बताया कि चक्की थाना क्षेत्र के भरियार गांव के संजय बिंद के बेटे लवकुश बिंद की शादी आरा की रेणु कुमारी से ब्रह्मपुर के इंदु मैरिज हॉल में हुई थी। शादी की रस्में निभाकर बाराती रात करीब 12 बजे लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर ब्रह्मपुर थाना अध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत रघुनाथपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित किया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

Comment here