द जनमित्र डेस्क
दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर बक्सर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता कर लिया है। जन-सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।
पटाखों पर सख्ती, अवैध कारोबार पर लगाम
पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिले में अवैध और विदेशी पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बिना वैध लाइसेंस के कोई भी व्यक्ति पटाखों का निर्माण या बिक्री नहीं कर सकेगा। साथ ही, ई-कॉमर्स वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के जरिए पटाखों की बिक्री भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। 125 डेसीबल से अधिक आवाज वाले पटाखों के निर्माण और उपयोग पर भी रोक लगाई गई है।

पटाखा विक्रेताओं को अपनी दुकानों पर वैध लाइसेंस रखने और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। घनी आबादी वाले या भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री पूरी तरह वर्जित रहेगी। विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के उल्लंघन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सोशल मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं
बक्सर पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणियों और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने का ऐलान किया है। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया की 24×7 मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी धर्म, समुदाय या पर्व को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिलेवासियों से पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है। बक्सर पुलिस ने कहा, “आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।” किसी भी आपात स्थिति में लोग पुलिस हेल्पलाइन नंबर 06183-295039 या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। त्योहारों के दौरान जिलेभर में विशेष जांच अभियान भी चलाया जाएगा।
शांतिपूर्ण त्योहार पुलिस की प्राथमिकता
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल वातावरण में त्योहार मनाएं, यही उनकी प्राथमिकता है। बक्सर पुलिस की इस पहल से त्योहारों के दौरान जिले में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

Comment here