अपराध

एक ही रात दो मकानों में सेंधमारी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

हवाई अड्डा रोड के मलहचकिया मोहल्ले (वार्ड संख्या-2) में चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर पूरे इलाके में खौफ का माहौल बना दिया है। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चोरों ने रिटायर्ड दरोगा और एक पूर्व सैनिक के मकान को खास तौर पर टारगेट किया। दोनों जगहों से नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए गए। पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई है और लोग पुलिस की निष्क्रियता पर खासा नाराज हैं।

मलहचकिया मोहल्ले के रहने वाले राधेश्याम प्रसाद, जो वर्ष 2022 में डुमरांव थाने से सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, उनके घर चोरों ने रात के अंधेरे में सेंध लगाई।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने घर के पीछे लगी लोहे की खिड़की को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया। उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और ड्रेसिंग टेबल के दराज से 15 हजार रुपये नकद व लगभग 35 हजार रुपये कीमत की एक जोड़ी पायल चुरा ली।

राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि गर्मी की वजह से पूरा परिवार मुख्य द्वार बंद कर छत पर सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे किसी आवाज से उनकी नींद टूट गई। जब वे नीचे पहुंचे तो चोर फरार हो चुके थे।

उन्होंने कहा कि समय रहते नींद खुल जाने से बड़ा नुकसान टल गया। अगर थोड़ी देर और लग जाती तो घर में रखे अन्य मूल्यवान सामान भी चोर ले जाते। राधेश्याम प्रसाद ने यह भी बताया कि साल 2007 में भी उनके घर चोरी हो चुकी थी। हाल ही में बेटी की शादी के लिए ज्यादातर गहने दे दिए जाने से इस बार भारी क्षति से बचाव हुआ।

इसी मोहल्ले में दूसरी बड़ी चोरी पूर्व सैनिक रमैया चौधरी के घर हुई। रमैया चौधरी फिलहाल पटना के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं। उनके परिवार के सभी सदस्य पिछले तीन दिनों से पटना में ही ठहरे हुए थे और घर पूरी तरह बंद पड़ा था।

चोरों ने बंद मकान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसपैठ की और कमरे में रखी लोहे की अलमारी को जबरन खोल लिया। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात उठाकर वे फरार हो गए।

रमैया चौधरी के बेटे जितेंद्र चौधरी ने बताया कि चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये के आसपास है।

सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला और दरवाजा टूटा हुआ देखा तो तुरंत परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जितेंद्र चौधरी पटना से बक्सर पहुंचे और मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एक रात में दो चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बक्सर में चोरी की वारदातें लगातार हो रही हैं, लेकिन पुलिस की रात्रि गश्ती सिर्फ कागजों और सोशल मीडिया तक सीमित दिख रही है।

Comment here