घटना

बक्सर की छात्रा ने NIT कुरुक्षेत्र हॉस्टल में लगाई फांसी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले की निवासी बीटेक की छात्रा दीक्षा दुबे ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) के कावेरी हॉस्टल में अपने कमरे में पंखे से रस्सी लटककर अपनी जान दे दी। मृतका का शव तीसरी मंजिल पर स्थित 441 नंबर कमरे में लटका हुआ मिला। यह घटना NIT कुरुक्षेत्र में फरवरी से अप्रैल के बीच हुई चौथी आत्महत्या है, जिसने पूरे परिसर में हड़कंप मचा दिया है।

पुलिस को सूचना मिलते ही टीम तुरंत पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अभी तक इस कदम के पीछे का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। कमरे में न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही कोई लिखित संकेत जो घटना की दिशा बता सके। जांचकर्ता हर पहलू पर गौर कर रहे हैं और दीक्षा की सहेलियों तथा हॉस्टल स्टाफ से पूछताछ जारी है।

बताया जा रहा है कि दीक्षा दोपहर में क्लास खत्म करके कमरे पर लौटी थीं। कुछ देर बाद दो सहेलियां उनसे मिलने पहुंचीं। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। अधिकारियों ने खिड़की से अंदर झांककर भयानक दृश्य देखा। तत्काल मदद बुलाई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पुलिस ने दीक्षा के परिवार को तुरंत इस दुखद घटना की जानकारी दी और कमरे को पूरी तरह सील कर दिया है ताकि कोई सबूत नष्ट न हो। दीक्षा बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़की बसौली गांव की निवासी थीं। उनके पिता गुड्डू दुबे अलीगढ़ में नौकरी करते हैं, इसलिए पूरा परिवार वहीं रहता है। परिवार में मां-पिता के अलावा दो छोटे भाई भी हैं, जो नवीं और सातवीं कक्षा में पढ़ रहे हैं।

दीक्षा की चाची निरजा दुबे ने बताया कि लड़की हमेशा पढ़ाई में लगी रहती थी और भविष्य में बेहतर करियर बनाने का सपना देखती थी। परिवार भी उसकी सफलता पर बहुत भरोसा करता था। 28 अप्रैल को पूरा परिवार गांव आने वाला था, लेकिन इस घटना ने सबकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खबर फैलते ही बड़की बसौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस अप्रत्याशित घटना से गहरे सदमे में हैं।

Comment here