द जनमित्र डेस्क
बुधवार को जनशताब्दी एक्सप्रेस में विस्फोटक होने की खबर से रेलवे प्रशासन हिल गया था। मगर रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित और सटीक जांच ने पूरा प्रकरण उलट दिया। असल में डिब्बे में छिपी एक महिला यात्री के पास से विदेशी शराब की भारी खेप बरामद हुई।
आरपीएफ बक्सर यूनिट के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार को दानापुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से तुरंत अलर्ट मिला कि गाड़ी संख्या 15125 जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला के शरीर पर बम बंधा दिख रहा है। सूचना एक अन्य महिला यात्री ने दी थी। तब तक ट्रेन बक्सर स्टेशन से गुजर चुकी थी, जिससे तनाव और बढ़ गया।

स्थिति की गंभीरता भांपते हुए निरीक्षक प्रभारी ने डुमरांव स्टेशन पर तैनात आरपीएफ जवानों को तुरंत सक्रिय किया। आरक्षी राजमुकुल कुमार और प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को निर्देश दिया गया कि ट्रेन पहुंचते ही उस कोच की सूक्ष्म तलाशी लें। साथ में महिला रेलकर्मी चंद्रावती देवी को भी टीम में शामिल किया गया।
ट्रेन डुमरांव पहुंचते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने डी-15 कोच में व्यापक छानबीन शुरू कर दी। जाँच के दौरान भोजपुर जिले के बिहिया निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी ममता कुमारी (29 वर्ष) को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया गया। महिला रेलकर्मी की मदद से हुई तलाशी में उसके शरीर से छिपाकर रखी गई 14 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त कर ली गई।
पूछताछ में सामने आया कि महिला ने शराब की बोतलों को अपने शरीर से इस कदर बांध रखा था कि बाहर से देखने पर वह बम जैसा प्रतीत हो रहा था। इसी वजह से सहयात्री को शक हुआ और उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचित कर दिया।
आरपीएफ ने जब्त शराब अपने कब्जे में ले ली और महिला को बक्सर लाकर जीआरपी बक्सर के हवाले कर दिया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद ट्रेन में फैली दहशत पूरी तरह शांत हो गई।


Comment here