द जनमित्र डेस्क
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक कांड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक अदालत गठित करने की घोषणा के बावजूद बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने केंद्र पर निशाना साधा है।

सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि एक तरफ सरकार तेज ट्रायल और कड़ी सजा की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ 2024 के नीट पेपर लीक के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया के खिलाफ सीबीआई अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई है। उन्होंने पूछा, “देश के करोड़ों छात्रों को आखिर न्याय कब मिलेगा?”
सुधाकर सिंह ने आरोप लगाया कि स्पीडी ट्रायल की घोषणाएं सिर्फ भाषणों तक ही सिमटकर रह गई हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा नहीं बनना चाहिए। मेहनती छात्रों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर न्याय मिलना चाहिए।
सांसद ने जोर देते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों विद्यार्थियों के सपनों को चूर-चूर कर देती हैं। इसलिए सरकार को सिर्फ ऐलान करने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर साफ कहा था कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी और इन मुकदमों के तेज निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों को तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
पीएम मोदी ने कहा था कि छात्रों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और युवाओं के भविष्य से छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री की इस घोषणा के बाद सांसद सुधाकर सिंह ने विपक्ष की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सरकार से मांग की कि अगर दोषियों को सजा दिलाने की सच्ची मंशा है तो पहले मुख्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाए और पूरे मामले में पूरी पारदर्शिता के साथ तेज कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। तभी छात्रों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा बना रहेगा।

Comment here