अपराध

शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। वीर कुंवर सिंह सेतु पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान एक ट्रक से करीब 22 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान ट्रक चालक समेत उसके सहायक को भी मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

विभाग को मिली गुप्त खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई अंजाम दी गई। सूचना में जालंधर से गुवाहाटी जा रहे एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी किए जाने की बात कही गई थी।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के निर्देश पर इंस्पेक्टर कुंदन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सेतु पर सघन चेकिंग शुरू की और संदिग्ध ट्रक (एचपी 24 एफ 0242) को रोककर गहन तलाशी ली।

**टायर-बेडशीट के बीच छिपाई गई शराब**

ट्रक में ऊपर से टायर, ट्यूब और बेडशीट लदे दिख रहे थे। लेकिन टीम को शक होने पर जब सामान को हटाकर अंदर की जांच की गई तो छिपाकर रखी गई शराब की भारी खेप सामने आ गई।

कुल 1800 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई, जिसमें 750 एमएल की 150 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की (1350 लीटर) और 50 पेटी मैकडॉवेल व्हिस्की (450 लीटर) शामिल है। यह शराब बिहार में अवैध रूप से बेचने के इरादे से लाई जा रही थी।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से हुई है। इनमें 38 वर्षीय महेंद्र सिंह, निवासी नगरांव गांव और 41 वर्षीय राजेश कुमार, निवासी सम्लाह गांव शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों ने कबूल किया कि ट्रक में रखा वैध सामान गुवाहाटी पहुंचाना था, जबकि छुपाई गई शराब पटना भेजनी थी।

उत्पाद विभाग ने दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही ट्रक और बरामद शराब को भी जब्त कर लिया गया है।

विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेजी से जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment here