द जनमित्र डेस्क
बक्सर के डुमरांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। साथ ही तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक कार और एक कीमती स्मार्टफोन भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरांव के जंगल बाजार रोड स्थित शक्ति द्वार इलाके में रहने वाला छोटे तुरहा अपने घर से अवैध मादक पदार्थों का कारोबार चला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

टीम ने सटीक सूचना के आधार पर छोटे तुरहा के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। छापेमारी के दौरान छोटे तुरहा समेत उसके दो सहयोगियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरांव निवासी छोटे तुरहा, सिकरौल थाना क्षेत्र के भदार गांव निवासी भीम कुमार और आरा जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के मसाढ़ गांव निवासी सत्येंद्र कुमार के रूप में हुई है। तीनों अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं, जिससे साफ है कि यह गिरोह अंतरजिला स्तर पर सक्रिय था।
पूछताछ में सत्येंद्र कुमार ने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुरेंद्र तुरहा के साथ लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल है। उसका भाई फिलहाल जेल में बंद है, लेकिन इसके बावजूद वह नए साथियों के साथ नेटवर्क चला रहा था। जांच में यह भी पता चला कि सत्येंद्र कुमार के खिलाफ पहले से भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा एक सफेद रंग की कार और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया। इनका इस्तेमाल तस्करी नेटवर्क को संचालित करने में हो रहा था। जब्त मोबाइल की जांच से पुलिस अन्य सदस्यों और उनके संपर्कों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
इस मामले पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि डुमरांव पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ पूरी सख्ती से अभियान चला रही है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी हाल में इस तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों से अपील की गई कि नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तारीफ की और उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी, जिससे क्षेत्र में नशा तस्करी पर पूरी तरह लगाम लग सके।


Comment here