अपराध

किसान की गोली मार कर हत्या

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के नैनीजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाय घाट दियारा में शनिवार देर रात गेहूं कटवाने गए किसान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, जिसके चलते यह सफलता हासिल हुई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों में एक हार्वेस्टर मालिक शामिल है, जो भोजपुर जिले का निवासी है। इसके अलावा एक खलासी, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है, तथा स्थानीय बिसुपुर गांव का एक युवक भी हिरासत में लिया गया है।

थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बैठा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। फिलहाल आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं यह हत्या किसी साजिश या पुराने विवाद का नतीजा तो नहीं है। पुलिस की टीम अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात गेहूं कटाई के लिए गए किसान को अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब मामले के शीघ्र खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Comment here