द जनमित्र डेस्क
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर चौराहे पर देर रात वाहन जांच के दौरान बारात में शामिल लोगों द्वारा दो चौकीदारों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस मामले में थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि करीब एक बजे ब्रह्मपुर चौराहे पर पुलिस द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान आरा रोड की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों युवक घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे व आसपास की गलियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक छोड़कर भागने में सफल रहे।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई मोटरसाइकिल को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना भेज दिया। बाइक के कागजात मौके पर नहीं होने के कारण उसे जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
करीब आधे घंटे बाद चौराहे पर ड्यूटी में तैनात चौकीदार आशोक कुमार यादव ने थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार को फोन कर सूचना दी कि 15 से 20 लोग चौराहे पर पहुंचकर जब्त मोटरसाइकिल के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। आरोप है कि बाइक नहीं मिलने से नाराज लोगों ने चौकीदारों को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में चौकीदार विनोद पासवान के सिर में गंभीर चोट लग गई, जबकि आशोक कुमार यादव भी घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मारपीट कर रहे लोग आरा रोड की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर छह लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। गिरफ्तार लोगों की पहचान भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र के प्रसौड़ा निवासी नमो नारायण यादव (26), बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच निवासी सत्येंद्र उपाध्याय (50) और अक्षय कुमार (27), सिकरौल थाना क्षेत्र के खरैचा निवासी ओमकेश यादव (32), ब्रह्मपुर निवासी अंकित कुमार (20) तथा उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के जवही दियर निवासी अखिलेश कुमार यादव (25) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में नमो नारायण यादव ने बताया कि उसके चचेरे भाई गुड्डू यादव की शादी ब्रह्मपुर-आरा रोड स्थित एक निजी मैरिज हॉल में हो रही थी। बारात प्रसौड़ा गांव से आई थी और शादी बड़का ढकाईच निवासी पप्पू की बेटी से हो रही थी। उसने बताया कि वह अपने दो साथियों धर्मेंद्र यादव और नेउर यादव के साथ प्रसौड़ा गांव से नीले रंग की होंडा मोटरसाइकिल से चौराहे की ओर जा रहा था। बाइक के कागजात साथ में नहीं होने के कारण पुलिस जांच देखकर वे लोग घबरा गए और मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग गए। बाद में वे लोग बारात में शामिल अन्य लोगों के साथ बाइक लेने चौराहे पर पहुंचे, लेकिन बाइक नहीं मिलने पर आक्रोशित होकर चौकीदारों से बहस के बाद मारपीट कर दी।
पुलिस ने इस मामले में धर्मेंद्र यादव, श्रीभगवान यादव, नेउर यादव और गणेश यादव समेत करीब 8 से 10 अन्य लोगों को भी चिन्हित किया है। घटना के बाद दोनों घायल चौकीदारों से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कराई गई, जिसमें उन्होंने सभी छह लोगों को मारपीट में शामिल बताया। घायल चौकीदारों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि बारात के साथ ही लड़की पक्ष के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए थे और चौकीदारों से मारपीट की। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


Comment here