बक्सर में जाली नोटों का जखीरा बरामद, पुलिस ने गुप्त तरीके से कार्रवाई को दिया अंजाम.
जनमित्र/बक्सर : शराब तस्करी के बाद अब बक्सर में जाली नोटों की तस्करी का कारोबार भी परवान चढ़ने लगा है. ताजा मामला जिले के सिमरी थाना क्षेत्र का है जहां से पुलिस ने भारी मात्रा में जाली नोट बरामद किया है. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है. बताया जाता है कि जाली नोट के कारोबारियों का तार यूपी से जुड़ा हुआ है. जानकारी यह भी मिली है कि यूपी से ही जाली नोट की बड़ी खेप बक्सर जिले में लाई गई थी और इसे खपाने की तैयारी थी. जाली नोट के कारोबार की भनक पुलिस को पहले ही लग गई थी, लिहाजा पुलिस ने गुप्त तरीके से जाल बिछाया और फिर टीम बनाकर पूरे मामले का उद्भेदन किया. बताया जाता है कि जिले में जाली नोट के कारोबार की सूचना मिलने के बाद एसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था जो पूरे मामले की खुफिया तरीके से तहकीकात कर सबूत इकट्ठा कर रही थी और तस्करों पर भी पैनी नजर गड़ाए हुई थी. मौका मिलते ही कार्रवाई करते हुए यूपी से लाई गई जाली नोटों की खेप के साथ तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है.
इस बाबत जब जिले के पुलिस कप्तान नीरज कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने मामले में बहुत कुछ खुलकर नहीं बताया और कहा कि इस तरह की बात सामने आई है जिसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि एसपी इसकी जानकारी मीडिया को प्रेस वार्ता के दौरान दे सकते हैं. फिलहाल पुलिस मामले से संबंधित अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल कर रही है. बहरहाल जिले में जाली नोटों की बड़ी खेप बरामद किए जाने के बाद एक तरफ जहां पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है तो वही तस्करों की गिरफ्तारी से उनके जाली नोट के तस्करी के मंसूबों पर भी पानी फिर गया है.

Comment here