अपराध

युवक को प्रेम प्रसंग में गोली मारी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

उत्तर प्रदेश के नरहीं थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहांव गांव में 20 वर्षीय आर्यन यादव को प्रेम प्रसंग को लेकर चार गोलियां मार दी गईं। आरोपियों ने उसे मरा समझकर घास के ढेर में फेंक दिया और उसकी बाइक लेकर भाग निकले। घटना में आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार आर्यन के शरीर में चारों गोलियां फंसी हुई हैं- एक जांघ में, एक सीने में, एक अंडकोष के पास और एक पेट व पीठ के बीच।

आर्यन यादव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पहले आरोपियों के साथ रहता था, लेकिन बाद में उनसे दूरी बना ली थी। घटना वाले दिन आरोपियों ने उसे भरौली गोलंबर तक छोड़ने को कहा। इसके बाद सोहांव जाने को कहा। रास्ते में उन्होंने बीयर खरीदी और पी भी। लौटते समय पीछे से पहले बबलू यादव ने गोली चलाई, फिर बम यादव ने भी फायरिंग की। दोनों ने उसे मरा समझकर घास में फेंक दिया और बाइक लेकर फरार हो गए।

आर्यन के मुताबिक हमले की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग है। उसने बताया कि बम यादव की गर्लफ्रेंड पहले उससे बात करती थी, लेकिन बाद में उसने बम यादव से बात बंद कर दी और आर्यन से बातचीत शुरू कर दी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और यह घटना हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर, सीओ राकेश कुमार सिंह और चितबड़ागांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। नरहीं थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों आरोपी बम यादव और बबलू यादव बक्सर के ही रहने वाले हैं।

पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद सोहांव गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जबकि पुलिस ने जल्द ही दोनों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Comment here