द जनमित्र डेस्क
बक्सर के पुराने सदर अस्पताल परिसर में स्थित एक सरकारी क्वार्टर में सोमवार-मंगलवार की रात लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने वहां तैनात एक स्वास्थ्यकर्मी के घर को निशाना बनाया।

स्वास्थ्यकर्मी रामजी राम, जो सदर अस्पताल में ड्रेसर के पद पर काम करते हैं, सोमवार शाम करीब छह बजे अपने बेटे के साथ राजपुर थाना क्षेत्र के जमौली गांव स्थित पैतृक घर गए थे। मंगलवार सुबह करीब दस बजे वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला तोड़ा जा चुका है। अंदर घुसने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा मिला और दोनों लोहे की अलमारियों के ताले भी तोड़े हुए थे।
रामजी राम ने बताया कि अलमारी में रखे बैग से लगभग एक लाख रुपये नगद गायब हो गए। इसके अलावा उनकी दिवंगत पत्नी की याद में रखे गए चार-पांच जोड़े सोने के आभूषण, जिनकी कीमत पांच से छह लाख रुपये बताई गई है, और पांच चांदी के सिक्के भी चोर ले गए। एटीएम कार्ड तथा कुछ महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज भी चोरी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, डायल-112 की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ब्लेड, लोहे की रॉड, मोमबत्ती और माचिस जैसी वस्तुएं बरामद हुईं। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत भी एकत्र किए।
रामजी राम ने बताया कि वे पिछले 35 साल से सदर अस्पताल में सेवा दे रहे हैं और पिछले 15 साल से इसी सरकारी आवास में रह रहे हैं। इतने लंबे समय में उनके घर में इतनी बड़ी चोरी पहली बार हुई है। उनके पुत्र आशुतोष कुमार ने अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों के जमावड़े पर चिंता जताई। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यह घटना स्थानीय लोगों द्वारा की गई हो सकती है।
पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य उपलब्ध सबूतों की गहन पड़ताल चल रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Comment here