राजनीति

बक्सर में सियासी बयानबाजी तेज: पूर्व विधायक संजय तिवारी ने वर्तमान विधायक को निकम्मा कहा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व सदर विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने वर्तमान विधायक आनंद मिश्रा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने विधायक मिश्रा को ‘निकम्मा’ करार देते हुए कहा कि जनता ने ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनकर सदन में भेजकर अपना दुर्भाग्य खुद लिख लिया है।

मीडिया से बातचीत में संजय तिवारी ने दावा किया कि विधायक मिश्रा जिन विकास कार्यों का श्रेय ले रहे हैं, उन सभी की मांग और पहल उनके अपने कार्यकाल में ही की गई थी। उन्होंने कहा कि स्टेशन से रामरेखा घाट तक सड़क चौड़ीकरण, बाईपास निर्माण और आईटीआई रोड को चौड़ा करने की प्रक्रिया उनके समय में शुरू हुई थी, लेकिन अब इनका क्रेडिट लेने की कोशिश की जा रही है।

तिवारी ने आगे कहा, “जनता का दुर्भाग्य है कि उसने ऐसे निकम्मे जनप्रतिनिधि को चुनकर सदन में भेजा। एक ब्यूरोक्रेट मानसिकता वाला व्यक्ति जननेता नहीं हो सकता।” उन्होंने अपने चार दशक के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने सड़कों पर खाक छानी, जनता के दुख-दर्द को करीब से देखा और 20 सूत्री तथा दिशा बैठकों में जिला प्रशासन, कलेक्टर, एसपी और सांसद के साथ मिलकर समस्याओं के समाधान की लगातार कोशिश की।

पूर्व विधायक ने विधायक आनंद मिश्रा के एक वायरल वीडियो का भी जिक्र किया और कहा कि एक विधायक न तो ‘मिमियाता’ है और न ‘गिड़गिड़ाता’ है, बल्कि वह क्षेत्र की जरूरतों के लिए मजबूती से आवाज उठाता है।

तिवारी के इन तीखे हमलों के बाद बक्सर की सियासत में हलचल मच गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वर्तमान विधायक आनंद मिश्रा इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और यह राजनीतिक जंग किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Comment here