द जनमित्र डेस्क
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को धर दबोचा है। इन पर शराब तस्करी के साथ ही पुलिस पर हमले का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एसपी शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय रवि कुमार (पिता- राजन साह) और रानीसागर निवासी 22 वर्षीय पप्पू कुमार (पिता- सुरेंद्र तुरहा) के रूप में हुई है। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्रह्मपुर पश्चिम टोला से रहथुआ जाने वाली सड़क के पास छापेमारी की और दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान रवि कुमार की कमर से लोहे का देशी कट्टा और उसकी जींस की जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं पप्पू कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ में दोनों ने शराब तस्करी में अपनी संलिप्तता कबूल की है और पुलिसकर्मियों से मारपीट की घटना में शामिल होने की बात भी मानी है।
यह घटना 2 मार्च 2026 की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जवही दीयर पिकेट पोस्ट के पास हुई थी। हवलदार रामप्यारे पासवान और सिपाही रौशन कुमार गश्त के दौरान किराना दुकान से लौट रहे थे। तभी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ-नौ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश हाल ही में हुई शराब पकड़वाने की कार्रवाई से नाराज थे। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर जमकर हमला किया। इस हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हवलदार रामप्यारे पासवान भी घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
घटना के बाद 3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान के आवेदन पर ब्रह्मपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने पहले आरोपी गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
एसपी शुभम आर्य ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।


Comment here