अपराध

अर्जुन हत्याकांड: मुख्य शूटर का बाइक चालक गिरफ्तार, कुल 9 आरोपी अब तक जेल में

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के चर्चित अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी और घटना के समय बाइक चलाने वाला आरोपी दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बक्सर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) गौरव पांडेय ने बताया कि 26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के पास अखौरीपुर गोला निवासी अर्जुन यादव (पिता स्वर्गीय सुरेंद्र यादव) को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन यादव को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बक्सर मुफस्सिल थाने में कांड संख्या 232/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बक्सर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी गौरव पांडेय के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी ने लगातार छापेमारी और सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को जेल भेज दिया है।

फरार चल रहे मुख्य शूटर निखिल यादव के सहयोगी दिनेश यादव की तलाश में पुलिस लगातार सक्रिय थी। 10 मार्च 2026 को पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि दिनेश यादव उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआईटी ने कर्मनाशा पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के इमामुद्दीनपुर निवासी दिनेश यादव (पिता रामाश्रय यादव) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दिनेश ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उसने बताया कि वह मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी था और हत्या के समय बाइक चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comment here