द जनमित्र डेस्क
बैंकों के आसपास ग्राहकों से नकदी छीनने और चोरी की वारदातों को लेकर सक्रिय एक गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने धर दबोचा है। डुमरांव अनुमंडल के एसडीपीओ पोल्सत कुमार ने इस सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में बैंकों के आसपास बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
अभियान के तहत डुमरांव और बक्सर पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार गश्त और निगरानी में जुटी थीं। हाल ही में डुमरांव स्थित एक बैंक के निकट दो संदिग्ध युवकों को घूमते देखकर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने संगठित गिरोह का सदस्य होने का खुलासा किया।

पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह मुख्य रूप से बैंकों से पैसे निकालकर बाहर आने वाले ग्राहकों को टारगेट करता था। मौका पाते ही छिनतई कर फरार हो जाता था। गिरोह ने कुछ दिनों पहले डुमरांव के छतिया पोखरा इलाके में एक व्यक्ति से लगभग 48 हजार रुपये की छिनतई की थी। इसके अलावा कई अन्य घटनाओं में भी इनकी भूमिका सामने आई है।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीसरे सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 38 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी पूछताछ में कई वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल कर चुके हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धातु कुमार (पिता: पप्पू तिवारी, निवासी कोपा थाना, छपरा), विक्की तिवारी (पिता: स्व. दुर्गानाथ तिवारी, निवासी मांझी थाना, छपरा) और दिलीप कुमार (पिता: पप्पू तिवारी, निवासी कोपा थाना, छपरा) के रूप में हुई है। तीनों पर पहले भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसडीपीओ पोल्सत कुमार ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी और तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि बैंक जाने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Comment here