राजकाज

मार्च के प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में मार्च माह में आयोजित होने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, जिला स्थापना दिवस, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव और बिहार दिवस को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 17 मार्च 2026 को जिला स्थापना दिवस, 21 मार्च 2026 को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव और 22 मार्च 2026 को बिहार दिवस मनाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेमिनार, परिचर्चा और गोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक महिला प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। विभिन्न विभागों के समन्वय से अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है।

जिला स्थापना दिवस के लिए सभी कार्यालय प्रमुखों को अपने कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। नगर परिषद और नगर पंचायत के अधिकारियों को सभी वार्डों में सफाई अभियान संचालित करने को कहा गया। प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं और पार्कों की साफ-सफाई कर उन्हें नीली रोशनी से सजाने का भी आदेश जारी किया गया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिला और प्रखंड मुख्यालयों में प्रभात फेरी के रूट तय कर कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला मुख्यालय में महानुभावों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा और समाहरणालय परिसर के पार्क में केक कटिंग का आयोजन किया जाएगा। सिविल सर्जन को रक्तदान शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

21 मार्च 2026 को डुमरांव के राज उच्च विद्यालय में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान संतूर, शहनाई सहित अन्य वाद्य यंत्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिनकी प्रस्तुति के बाद मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा।

सभी कार्यक्रम स्थलों पर एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का जिम्मा सिविल सर्जन को सौंपा गया है। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सभी कार्यक्रमों को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

Comment here