द जनमित्र डेस्क
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज के समीप शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें सास-बहू की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी एक वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर करीब 4 घंटे तक मार्ग जाम कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार इठाड़ी थाना क्षेत्र के जलवाली गांव निवासी भागवत पासवान के पुत्र मदन पासवान अपनी मां रेशमी देवी और भाभी प्रियंका देवी के साथ बाइक से बक्सर से गांव लौट रहे थे। उनके साथ प्रियंका देवी की एक साल की बेटी लाडो भी थी। लालगंज के पास डीएवी स्कूल के समीप मदन पासवान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मदन पासवान सड़क किनारे गिर पड़े, जबकि ट्रक बाइक पर चढ़ गई। इस भीषण हादसे में रेशमी देवी और प्रियंका देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक वर्षीय लाडो गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया है।
ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मुफस्सिल थाना पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
हादसे से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर और अन्य तरीकों से मार्ग अवरुद्ध कर दिया। लोग ट्रक चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान बक्सर-इटाढ़ी मार्ग लगभग 4 घंटे तक जाम रहा।
मौके पर एसडीएम अभिनव कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थाना प्रभारी और इठाड़ी थाना पुलिस की टीम पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति संभाली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Comment here