द जनमित्र डेस्क
जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत चुन्नी डेरा के चक्की गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं, लेकिन दो महीने बाद होने वाली शादी से पहले ही 18 वर्षीय युवती सुनीता कुमारी का शव बोरे में बंद अवस्था में स्कूल के पीछे एक गड्ढे से बरामद हुआ। पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुनीता कुमारी 16 फरवरी की शाम घर से चीनी लेने के बहाने निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 17 फरवरी को चक्की थाने में मौखिक शिकायत दर्ज कराई गई। पांच दिन बाद शनिवार को सरकारी स्कूल के पीछे गड्ढे से तेज बदबू आने लगी। शिक्षकों और ग्रामीणों को शक हुआ तो जांच में बोरा फटा हुआ मिला, जिसमें युवती का सड़ा हुआ शव था। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतका सुनीता कुमारी बालेश्वर यादव की बेटी बताई जा रही हैं। उनके पिता दूध का कारोबार करते हैं और वर्तमान में आसनसोल में हैं। घटना की सूचना मिलने पर वे लौट रहे हैं। परिवार के अनुसार, सुनीता की शादी अप्रैल में तय थी। 4 अप्रैल को तिलक की रस्म प्रस्तावित थी और अगले महीने विवाह होना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनीता का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे परिवार नाराज था। कुछ लोग ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई बलजीत यादव ने बताया कि सुनीता सेवई बना रही थीं, चीनी खत्म होने पर दुकान जाने की बात कहकर निकलीं और लापता हो गईं।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ जारी है और युवती के कमरे की तलाशी ली जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरा इलाका इस घटना से स्तब्ध है और हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।


Comment here