राजकाज

क्या है ‘मोबिल गैंग’, जिसको लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार में अपराधियों की एक नई शातिर गिरोह ‘मोबिल गैंग’ की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए राज्य पुलिस ने लोगों के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह गिरोह मुख्य रूप से हाईवे और सड़कों पर चलते वाहनों को निशाना बना रहा है। पुलिस ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी कर लोगों से विशेष सावधानी बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ‘मोबिल गैंग’ के सदस्य बेहद चालाकी से काम करते हैं। वे चलती कार या अन्य वाहनों के पीछे आकर चालक को इशारा करते हैं कि गाड़ी से इंजन ऑयल (मोबिल) लीक हो रहा है। कई बार तीन-चार लोग मिलकर जोर-जोर से चिल्लाते हैं और गाड़ी रुकवाने की कोशिश करते हैं। जैसे ही चालक या यात्रियों में से कोई वाहन से उतरकर स्थिति जांचने के लिए बाहर आता है, गिरोह के सदस्य मौके का फायदा उठाकर गाड़ी में रखे कीमती सामान, बैग, लैपटॉप या नकदी चुराकर फरार हो जाते हैं।

यह घटनाएं न केवल शहरों में बल्कि ग्रामीण इलाकों और हाईवे पर भी हो रही हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों को अत्यधिक सतर्क रहना चाहिए। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि कोई अजनबी या राहगीर गाड़ी से मोबिल गिरने की बात कहे तो तुरंत वाहन न रोकें। पहले स्थिति का आकलन करें और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगह पर ही रुकें।

सुरक्षा के प्रमुख निर्देश:

– संदिग्ध इशारे पर गाड़ी न रोकें, सतर्क रहें।
– ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय थाने, डायल-112 या अनुमंडल पुलिस अधिकारी को दें।
– अगर उतरना जरूरी हो तो इंजन बंद न करें, सामान पर नजर रखें और गाड़ी से दूर न जाएं।
– हमेशा सुरक्षित और व्यस्त जगह पर ही वाहन रोकें।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। अभियान के तहत सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पोस्टर व पत्रक वितरित किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना से ऐसे गिरोहों पर अंकुश लगाया जा सकता है।

Comment here