राजकाज

मतदाता सूची के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरु

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। सर्वे के आधार पर नए मतदाताओं को जोड़ा जाएगा और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।

बीएलओ सभी मतदाताओं के वैध दस्तावेजों की जांच करेंगे और सत्यापन के बाद मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से एक फॉर्म दिया जाएगा, जिसे भरकर जमा करना होगा। चाहें तो मतदाता निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर इसे ऑनलाइन अपलोड भी कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने सत्यापन के लिए वैध दस्तावेज दिखाना अनिवार्य किया है, जिसमें 11 प्रकार के प्रमाणपत्र शामिल हैं। इनमें से कोई एक दस्तावेज दिखाना होगा। जिन मतदाताओं का जन्म 1 जुलाई 1987 से पहले हुआ है, उन्हें अपनी जन्मतिथि या स्थान सत्यापित करने के लिए एक वैध दस्तावेज फॉर्म के साथ जमा करना होगा। जिनका जन्म 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच हुआ है, उन्हें अपने और माता-पिता में से किसी एक का वैध दस्तावेज देना होगा। वहीं, 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को अपना और माता-पिता दोनों के वैध दस्तावेज जमा करने होंगे। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मनेरूल शेख ने बताया कि यदि कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो 2003 की मतदाता सूची में नाम होने पर उसे डाउनलोड कर दिखाया जा सकता है। ऐसे मतदाताओं का नाम नहीं कटेगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 सितंबर 2025 को होगा। वैध दस्तावेजों में केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक उपक्रम के कर्मचारियों या पेंशनधारियों को जारी पहचान पत्र, पेंशन भुगतान आदेश, 1 जुलाई 1987 से पहले जारी सरकारी या स्थानीय निकाय का कोई प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय का शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, वन अधिकार पत्र, ओबीसी, एससी, एसटी का जाति प्रमाण पत्र, फैमिली रजिस्टर, भूमि या मकान आवंटन पत्र और नागरिकों का राष्ट्रीय रजिस्टर शामिल हैं। सोमवार को बक्सर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम डॉ. विद्या नंद सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए नगर भवन में सभी मुखिया और पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। डीएम ने सभी से अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर इस कार्य को सफल बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों से गणना फॉर्म भरवाकर बीएलओ के माध्यम से जल्द जमा कराने में सहयोग की अपील की। साथ ही, सभी सरपंचों से पारिवारिक रजिस्टर और वंशावली बनाने में तत्परता दिखाने को कहा। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव और भूमि सुधार उप समाहर्ता डुमरांव भी मौजूद रहे।

Comment here