द जनमित्र न्यूज डेस्क
बक्सर के डुमरांव थाना क्षेत्र में बाइक चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चोरों की चालाकी GPS ट्रैकर के सामने फेल हो गई। डुबकी गांव के दीनानाथ यादव के बेटे की नई बाइक रोहतास में एक शादी समारोह के दौरान नाच देखते वक्त चोरी हो गई। लेकिन बाइक में लगा GPS ट्रैकर पुलिस के लिए वरदान साबित हुआ। इसके जरिए बाइक की लोकेशन बंझू डेरा में फुलेना यादव के घर के पास ट्रेस हुई।




पुलिस की डायल 112 टीम ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर तलाशी शुरू की। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—चोरों ने बाइक को काटकर टुकड़े-टुकड़े कर दिया था। साइलेंसर, टंकी, इंजन, हैंडल और पहिए भूसे के ढेर और पास के गड्ढे में छिपाए गए थे। पुलिस ने इन पार्ट्स को बरामद कर लिया और फुलेना यादव को हिरासत में ले लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी रविशंकर यादव और उसका भाई अभिमन्यु यादव मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फरार आरोपी रविशंकर और अभिमन्यु अपने दोस्तों पप्पू यादव और प्रिंस यादव के साथ मिलकर नाच पार्टी का आयोजन करते हैं। घटना वाले दिन भी यह ग्रुप रोहतास में परफॉर्म कर रहा था। चोरी गई बाइक डुबकी गांव की बबीता देवी के नाम रजिस्टर्ड थी, जिसे शादी समारोह में खड़ा किया गया था। नाच के शोर-शराबे में चोरों ने मौका पाकर बाइक गायब कर दी।
पुलिस का शक है कि यह कोई इक्का-दुक्का चोरी नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह का काम है, जो नाच पार्टी की आड़ में वाहन चोरी को अंजाम देता है। पुलिस अब इस गैंग का पर्दाफाश करने के लिए जोर-शोर से जुटी है।


Comment here