स्थानीय

मिस्ड कॉल, मोहब्बत और स्टेशन पर हंगामा की पूरी कहानी

Spread the love

द जनमित्र | शशि

एक मिस्ड कॉल से शुरू हुई मोहब्बत की दास्तान आखिरकार बक्सर स्टेशन के पास हंगामे और अफरा-तफरी में तब्दील हो गई। मधुबनी की एक नन्ही सी लड़की, जिसके दिल में प्यार का जुनून सवार था, अपने कथित प्रेमी से मिलने के लिए करीब तीन सौ किलोमीटर का लंबा सफर तय कर रोहतास जिले के दावथ पहुंच गई। दोनों ने वहां से बाइक पर सवार होकर बक्सर का रुख किया, मगर स्टेशन के पास पहुंचते ही उनकी कहानी में नया मोड़ आ गया—प्यार की मिठास झगड़े की कड़वाहट में बदल गई। आसपास के लोगों ने शोर-शराबा देख पुलिस को बुला लिया, और फिर दोनों थाने की हवा खाने पहुंच गए। लड़की की तबीयत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।


बात कुछ यूं थी कि मधुबनी के लौकही थाना इलाके की इस किशोरी और दावथ के अमरजीत ठाकुर नाम के लड़के के बीच दो साल पहले एक मिस्ड कॉल ने रिश्ते की शुरुआत की थी। फोन पर बातें होती रहीं, और धीरे-धीरे दिल मिलते गए। आखिरकार, लड़की ने अपने प्रेमी से मिलने की ठान ली। उसने घरवालों से स्कूल जाने का बहाना बनाया और चुपचाप निकल पड़ी। ट्रेन पकड़कर आरा पहुंची, फिर वहां से बस लेकर दावथ के लिए चल दी।
अमरजीत ने उसे पीरो में बस से उतारा और अपनी बाइक पर बिठाकर बक्सर की ओर रवाना हो गया। रास्ते में उसने अपने एक दोस्त को भी साथ ले लिया। तीनों बक्सर रेलवे स्टेशन के पास एक मैदान में पहुंचे, जहां किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि किशोरी अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और लड़की को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। इस पूरे वाकये की सूचना मधुबनी पुलिस तक भी पहुंचा दी गई। बक्सर के नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के परिवार और मधुबनी पुलिस को सूचित कर दिया गया है। अब परिजनों के आने का इंतजार है, उसके बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।

Comment here