द जनमित्र न्यूज डेस्क
बक्सर के जिला पदाधिकारी श्री अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने आगामी चैती छठ पूजा को देखते हुए डुमरांव अनुमंडल के छठिया पोखरा का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने वहां तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही।


चैती छठ पूजा के लिए चल रही तैयारियों के बीच जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को साफ-साफ निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद डुमरांव और अंचलाधिकारी डुमरांव को कहा कि घाटों पर गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए लाल झंडे लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को खतरे से आगाह किया जा सके।
इसके अलावा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद डुमरांव को घाटों और वहां तक जाने वाले रास्तों की अच्छे से साफ-सफाई करने, मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और पूजा समिति के साथ मिलकर रोशनी व माइकिंग की पुख्ता व्यवस्था करने का जिम्मा सौंपा गया। साथ ही, मुख्य घाटों पर चेंजिंग रूम और अस्थायी शौचालय या यूरिनल की सुविधा मुहैया कराने के लिए भी कहा गया।
छठिया पोखरा पर निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल करने के साथ-साथ एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाने का निर्देश भी कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव को छठ के दौरान यातायात को सुचारु रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही, आने वाले रामनवमी पर्व को देखते हुए खुफिया जानकारी जुटाने और शांति कायम रखने के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया।

Comment here