विधवा ने की आत्महत्या, पति की मौत के बाद देवर से होनी थी शादी. ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गरहथा गांव का है मामला.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सर : जिले के गरहथा गांव निवासी एक विधवा महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. वर्ष 2021 में उसकी शादी हुई थी कुछ ही महीनों के बाद वर्ष 2022 में उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. जिसके बाद उसके देवर से उसकी शादी होनी थी. ऐसे में वह अपने ससुराल में ही रह रही थी. इसी बीच मंगलवार की रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसका शव पंखे की कुंडी से झूलता हुआ पाया गया.
देवर के साथ अकेले थी घर में
महिला ने जिस समय आत्महत्या की उस समय वह अपने देवर के साथ अकेले घर पर थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वही विवाहिता के मायके वाले ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. लेकिन अब तक उन्होंने थाने में इस संदर्भ में कोई आवेदन नहीं दिया है.
2021 में हुई थी शादी
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार जिले के बड़की नैनीजोर गांव निवासी श्रीकांत सिंह ने अपनी पुत्री खुशबू कुमारी की शादी वर्ष 2021 में गरहथा निवासी सुदामा सिंह के पुत्र से की थी. कुछ ही महीनों बाद वर्ष 2022 में सड़क दुर्घटना में खुशबू के पति की मृत्यु हो गई जिसके बाद सुदामा सिंह ने यह कहा कि वह अपनी बहू की शादी अपने छोटे बेटे से करा देंगे. इस बात पर खुशबू के मायके वाले भी राजी हो गए और खुशबू ससुराल में ही रहने लगी.
सास और ससुर गए थे बाहर, देवर के साथ घर पर थी खुशबू
Koब्रह्मपुर थाना अध्यक्ष बैजनाथ चौधरी ने बताया कि महिला की सास और ससुर मंगलवार को कहीं बाहर गए हुए थे. घर पर महिला तथा उसके देवर मौजूद थे. इसी बीच मंगलवार की देर रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह जब देवर ने यह नजारा देखा तो तुरंत ही पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिलहाल देवर से पूछताछ की जा रही है.
पति की मौत का नहीं मिला है मुआवजा
थानाध्यक्ष ने बताया कि खुशबू के पति की मौत के बाद उसे सरकार की तरफ से पांच लाख का मुआवजा मिलना था. जिसके लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी हो गई थी. हालांकि मुआवजा अभी तक उन्हें मिला नहीं है. इसी बीच उसके विधवा पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Comment here