एक दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुँचे बिहार सरकार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन और बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता संजय टाइगर. मोदी सरकार के 9 साल की बताई उपलब्धियां कहा नरेंद्र मोदी के 9 साल का कार्यकाल है बेमिसाल. गरीबों के कल्याण के लिए चलाई गई सैकड़ों योजनाओं से सीधे लाभान्वित हुए देश के जरूरतमंद लोग.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टी के नेता पूरी तरह से कमर कस चुके हैं. महागठबंधन के 18 दलों के द्वारा जहां राजधानी पटना में 12 जून को बैठक कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी से हटाने के लिए रणनीति बनाई जाएगी वही बीजेपी पूरी दमखम के साथ नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम की कुर्सी पर बैठाने के लिए ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी इलाकों में पहुंचकर नरेंद्र मोदी के कार्यों और गरीबों के लिए चलाए जाने वाले कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा रहा है. इस कड़ी में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नितिन नवीन और बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता संजय टाइगर एक दिवसीय दौरे पर बक्सर पहुंचे जहां सिंडिकेट गोलंबर पर कार्यकर्ताओं एवं वहां के स्थानीय लोगों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 9 साल में चलाई गई सभी योजनाओं को विधिवत बताया गया.

क्या कहते है बिहार सरकार के पूर्व मंत्री
इस दैरान मीडिया को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि सभी गरीब, पिछड़े, अति पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए मोदी सरकार के द्वारा कई योजनाएं चलाई गई, करोड़ों लोग जो आज तक बैंक का मुंह नहीं देखे थे उनके कल्याण के लिए जनधन योजना के तहत खाता खुलवाया गया जिसमें बिना बिचौलिए के सीधे उनका पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है. पहले के सरकार में लोग कहते थे कि जब सेंट्रल गवर्नमेंट आम लोगों के लिए 1 रूपए भेजती है तो 85 पैसे बिचौलिए खा जाते थे और उस गरीब तक मात्र 15 पैसा ही पहुंचता था लेकिन आज नरेंद्र मोदी की सरकार मे सीधे उस गरीब को एक रुपया मिलता है बिचौलियों के लिए कोई जगह नहीं है. गरीब मां बहनों के लिए उज्जवला योजना के तहत मुफ्त में गैस सिलेंडर, स्वच्छता मिशन के तहत हर घर में शौचालय बनवाया गया. हर गरीबों को पक्का मकान दिया गया. किसानों के लिए फसल क्षति योजना से लेकर, प्रत्येक वर्ष उनके खाते में 6 हजार रूपये दिये जा रहे है जिससे किसान भी आर्थिक रूप से समृद्ध हो रहे है.

बिहार सरकार के नाकामियो के कारण अधूरा रह गया है कई योजना
वहीं उनसे जब यह पूछा गया कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान ही केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के द्वारा जिले के डुमरांव शहर में मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की नीवं रखी गई थी साथ ही इटाढ़ी रेलवे गुमटी तथा चौसा रेलवे गुमटी पर आरओबी बनाने का काम 16 महीने में पूरा होना था वह 5 साल में भी पूरा नहीं हुआ जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सारा अंशदान बिहार सरकार को उपलब्ध करा दिया है लेकिन बिहार सरकार के जो सुपर सीएम तेजस्वी यादव है उनको विदेश घूमने एवं दिल्ली घूमने से फुर्सत नहीं मिल रहा है कि वह योजनाओं का समीक्षा करें, बिहार पथ निर्माण मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय उन्हीं के पास है इसलिए सारा काम अधूरा पड़ा है ऐसा कई काम है जो बिहार सरकार के नाकामियों के कारण अधूरा पड़ा हुआ है और जनता को उसका लाभ नहीं मिल रहा है.

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे सभी राजनीतिक पार्टी के नेता अपनी खूबियां बताने के साथ ही विपक्ष की नाकामियों को उजागर करने में लगे हुए हैं ऐसे में देखने वाली बात यह होगी कि चुनाव से पहले इनके द्वारा जो रणनीति बनाई जा रही है वह चुनाव के दौरान उनको कितना काम आता है.


Comment here