स्थानीय

बक्सर में छात्र-युवाओं का तीखा प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर। पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और केंद्र सरकार की विवादास्पद शिक्षा नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को बक्सर में छात्र-युवाओं ने जोरदार विरोध मार्च निकाला। आइसा, इनौस और आरवाईए के बैनर तले सैकड़ों युवाओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे भूख हड़ताल वाले छात्र आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई।

अंबेडकर चौक से शुरू होकर ज्योति चौक तक चले इस मार्च के बाद एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता आरवाईए के जिला संयोजक राजदेव सिंह ने की, जबकि संचालन आइसा के जिला सचिव अखिलेश ठाकुर ने किया।

मुख्य वक्ता के रूप में डुमरांव के पूर्व विधायक और इनौस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुशवाहा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में 13 दिनों से चल रही भूख हड़ताल को पूरे देश का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोलते हुए नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि नीट, यूजीसी-नेट समेत कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में बार-बार अनियमितताएं और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरी परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

नेताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) और NTA को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का तेजी से निजीकरण हो रहा है, जिससे दलित, पिछड़े, गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। रोजगार से जुड़ी परीक्षाओं में बार-बार नियम बदलकर युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।

ऐपवा नेता संध्या पाल ने भी संबोधन में शिक्षा बजट में लगातार कटौती, छात्रावासों की जर्जर स्थिति और पेपर लीक की घटनाओं को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस प्रदर्शन में आरवाईए के राज्य नेता बीरन यादव, जिला स्तर के नेता रवि मौर्या, रविशंकर राम, बलीराम पासवान, कृष्णा यादव, दीपू कुमार, सर्वेश पांडेय, बब्लू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा सक्रिय रूप से शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्दी ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन और तेज होगा।

Comment here