स्थानीय

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका, पांच जून को लगेगा जॉब फेयर

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला नियोजनालय बक्सर 5 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें समावेश फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड कंपनी विभिन्न पदों पर भर्ती करेगी।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि इस जॉब कैंप में फील्ड सर्विस ऑफिसर (FSO) के 20 पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 15,000 से 20,000 रुपये तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा आकर्षक इंसेंटिव, भविष्य निधि (PF), कर्मचारी राज्य बीमा (ESI), ग्रेच्युटी, जीवन बीमा, समय-समय पर पदोन्नति और रिटायरमेंट के बाद पेंशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

किन युवाओं को मिलेगा मौका?
उम्मीदवारों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट या स्नातक पास होना जरूरी है। कंपनी चयनित अभ्यर्थियों को शाखा स्तर पर आवास और भोजन (मेस) की भी व्यवस्था करेगी।

जॉब कैंप बक्सर के संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई फील्ड स्थित जिला नियोजनालय परिसर में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। चयन प्रक्रिया उसी दिन योग्यता के आधार पर पूरी की जाएगी।

इस रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं का जिला नियोजनालय में पंजीकरण अनिवार्य है। जिनका अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, वे नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर अवश्य आएं। नियुक्ति संबंधी सभी नियम व शर्तों की जिम्मेदारी कंपनी की होगी, जबकि जिला नियोजनालय केवल मंच उपलब्ध कराने की भूमिका निभाएगा।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर को हाथ से न जाने दें और अधिक से अधिक संख्या में जॉब कैंप में शामिल होकर अपने भविष्य को संवारने का प्रयास करें।

Comment here