द जनमित्र डेस्क
बक्सर। मुफस्सिल थाना पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भभुअर स्थित सरकारी पोखरे से एक ट्रैक्टर और मिट्टी काटने वाली रैपर मशीन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने इसकी सूचना खनन विभाग को तुरंत दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुरुवार रात को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भभुअर के सरकारी पोखरे में बड़े स्तर पर अवैध मिट्टी निकासी का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही थाना टीम मौके पर दबिश देने पहुंची। पुलिस की मौजूदगी देखते ही मिट्टी तस्करों में भगदड़ मच गई। कई ट्रैक्टर चालक अपने वाहन लेकर भाग निकलने में कामयाब रहे, लेकिन पुलिस ने एक ट्रैक्टर और रैपर मशीन को अपने कब्जे में ले लिया।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि जब्त किए गए वाहन और मशीन की जानकारी खनन विभाग को दे दी गई है। इस कार्रवाई से इलाके के खनन माफियाओं में खलबली मच गई है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बक्सर जिले में अवैध मिट्टी खनन का धंधा लंबे समय से खुलेआम चल रहा है। निजी खेतों में तय सीमा से ज्यादा मिट्टी खोदी जा रही है, वहीं सरकारी जमीनों और पोखरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की नाकाफी और ढीली कार्रवाई के कारण माफियाओं का हौसला बढ़ता ही जा रहा है।
बताते चलें कि महज सात दिन पहले जिला मुख्यालय के मिश्रही पोखरे से अवैध खनन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया था। उस मामले में खनन विभाग ने आरोपी पर 58 लाख रुपये से ज्यादा का भारी जुर्माना भी लगाया था। इसके बावजूद जिले में यह अवैध सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
अब स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि बार-बार छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद अवैध मिट्टी खनन पर पूरी तरह लगाम क्यों नहीं लग पा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नियमित निगरानी बढ़ाई जाए और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी संपत्ति की लूट रोकी जा सके और पर्यावरण को हो रहे भारी नुकसान पर अंकुश लगाया जा सके।


Comment here