द जनमित्र डेस्क
बक्सर के चौसा स्थित अखौरीपुर गोला में सोमवार को विद्युत मजदूर कांग्रेस (इंटक) एसटीपीएल चौसा इकाई की प्रथम समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में इंटक बिहार प्रदेश अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने राज्य सरकार पर मजदूरों के हक की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया।
दोपहर एक बजे शुरू हुई इस बैठक में बड़ी संख्या में श्रमिक, संगठन के अधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में मजदूरों की व्यावहारिक समस्याओं, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर बक्सर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बक्सर जिले में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से फैल रही हैं। चौसा में थर्मल पावर प्लांट, नवानगर में पेप्सी-कोकाकोला के प्लांट और ब्रह्मपुर में सीमेंट फैक्ट्री जैसे बड़े प्रोजेक्ट आकार ले रहे हैं। लेकिन इन उद्योगों में काम कर रहे मजदूरों की लगातार शिकायतें आ रही हैं कि उनके साथ अनुचित व्यवहार हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर मजदूरों से 12-12 घंटे तक लगातार काम लिया जा रहा है, जो श्रम कानूनों के खिलाफ है। इसके अलावा, उन्हें समय पर और पूरा वेतन भी नहीं दिया जा रहा है। सिंह ने दावा किया कि यदि कोई मजदूर अपने अधिकारों की आवाज उठाता है तो उसे नौकरी से बाहर कर दिया जाता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार उद्योगपतियों और कंपनियों को हर संभव सहूलियत दे रही है, लेकिन मजदूरों के शोषण को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम कानूनों को इतना कमजोर कर दिया गया है कि मजदूर प्रबंधन के खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाते।
चंद्र प्रकाश सिंह ने मजदूरों से अपील की कि वे एकजुट होकर अपने हकों की लड़ाई लड़े। बिना संगठन के मजदूरों का शोषण जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में इंटक की टीम ने बक्सर थर्मल पावर प्लांट में लंबे समय से अटके मजदूरों के बकाया भुगतान दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, एक दुर्घटना में मजदूर की मौत के बाद उसके परिवार को 32 लाख रुपये मुआवजा और अन्य लाभ दिलाने में भी संगठन ने मदद की।
बैठक में कई वक्ताओं ने मजदूर हितों की सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियों और श्रमिक एकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अच्छी खासी उपस्थिति रही।


Comment here