राजकाज

गंगा-ठोरा संगम पर नहाने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला मुख्यालय के उत्तर-पश्चिमी किनारे पर स्थित गंगा-ठोरा के संगम स्थल पर अब किसी भी रूप में नहाना या घूमना गैरकानूनी हो गया है। हाल में हुई दो अलग-अलग डूबने की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को निषिद्ध घोषित कर दिया है।

पिछले दस वर्षों में प्रशासन की निरंतर कोशिशों से यह जगह पर्यटन का प्रमुख आकर्षण बनने लगी थी। मकर संक्रांति जैसे बड़े उत्सवों से लेकर कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन यहां किया गया, जिससे स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ जुटने लगी थी। सुबह-शाम यहां टहलने वालों की संख्या भी बढ़ गई थी।

इसी बीच प्रशासन के अचानक सख्त रुख से शहरवासी हैरान हैं। लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा को लेकर खतरा था तो नदी में स्नान पर रोक लगाई जा सकती थी या उचित बचाव उपाय किए जा सकते थे। पूरे इलाके पर अनिश्चितकालीन पाबंदी लगाना उचित नहीं है।

अनुमंडल प्रशासन ने जारी आदेश में स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया रील्स और वीडियोज बनाने का बढ़ता चलन चरित्रवन जेल रोड स्थित त्रिमुहानी घाट को जोखिम भरा केंद्र बना रहा है। गंगा किनारे उभरे रेतीले टीले स्थानीय युवाओं द्वारा ‘गोवा बीच’ नाम देकर वायरल किए जा रहे हैं, जिसकी वजह से युवा-युवतियां और परिवार बड़े पैमाने पर यहां पहुंच रहे हैं।

अनुमंडल दंडाधिकारी अविनाश कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत त्रिमुहानी घाट और आसपास के रेतीले इलाकों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश 11 मई से लागू हो गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

आदेश में कहा गया है कि इस इलाके को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित नहीं किया गया है और यहां पूरी तरह असुरक्षा बनी हुई है। पांच या अधिक लोगों के एक साथ जुटने, रील्स-वीडियो शूट करने, जुलूस निकालने, प्रदर्शन करने, लाउडस्पीकर का इस्तेमाल, धूम्रपान, ड्रोन उड़ाने और घातक हथियार या आग्नेयास्त्र लेकर आने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है।

प्रशासन ने थानाध्यक्ष बक्सर नगर और मुफस्सिल को सख्त गश्त करने के निर्देश दिए हैं। डीएसपी को पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा गया है। नगर परिषद को घाट क्षेत्र में चेतावनी वाले बैनर लगाने, लाउडस्पीकर से लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित करने, बैरिकेडिंग कराने तथा नाविकों और गोताखोरों की व्यवस्था करने का जिम्मा सौंपा गया है।

Comment here