द जनमित्र डेस्क
विश्व रेड क्रॉस दिवस के मौके पर रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में शुक्रवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। साथ ही उन्होंने रक्तदान शिविर और चिकित्सा शिविर का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ मिलकर काम करने वाली विभिन्न संस्थाओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘मानवता में एकजुटता’ विषय पर संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने-अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

जिला पदाधिकारी ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था को और मजबूत बनाकर दूरदराज के इलाकों तक अपनी सेवाएं पहुंचानी होंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी जरूरत पड़ेगी, जिला प्रशासन रेड क्रॉस के साथ पूरी ताकत से खड़ा रहेगा। आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताते हुए उन्होंने सोसाइटी के पदाधिकारियों और सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मौके पर अतिरिक्त जिला पदाधिकारी अरुण कुमार ने आपदा प्रबंधन में रेड क्रॉस की भूमिका को सराहा और धन्यवाद ज्ञापित किया। एसडीएम अविनाश कुमार, सिविल सर्जन बक्सर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडे ने भी अपने विचार रखे और संस्था की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी ने किया। उन्होंने सोसाइटी के पिछले कार्यों और आने वाले लक्ष्यों की जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, राजीव सिंह, सतेंद्र सिंह, ओम जी यादव, निसार अहमद, मनोज राय, अविनाश जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ, शाल और स्मृति चिन्ह देकर किया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस के सदस्य इफ्तखार अहमद, जमाल, स्नेहाशीष वर्धन, नंदू पांडे, डॉ. पीके पांडे, डॉ. दिलशाद अहमद, सुरेश संगम, ब्रजकिशोर सिंह, मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष व अन्य महिला सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रक्तदान शिविर में पांच लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। ब्लड बैंक प्रभारी सचिन राय, गुड्डू जायसवाल, मुकेश कुमार, वीरेंद्र समेत अन्य लोगों ने रक्तदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया।


Comment here