अपराध

बुजुर्ग समेत तीन लोगों पर बलात्कार का आरोप, एक गिरफ्तार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार दोपहर एक 20 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की हैरान करनेवाली घटना सामने आई है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने गांव के 60 वर्षीय एक व्यक्ति और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है।

पीड़िता की मां गुरुवार दोपहर महिला थाने पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी देते हुए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब एक बजे तीनों आरोपी अपने चेहरे ढककर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने करीब 9 फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। उस समय युवती घर में अकेली थी, क्योंकि उसकी मां अपने मायके गई हुई थीं।

आरोप है कि तीनों ने मिलकर युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। युवती के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों के जुटने की आशंका से वे फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस अलर्ट हो गई। थानाध्यक्ष चंदन कुमार अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए नामजद 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर महिला थाने के हवाले कर दिया।

पीड़िता को गुरुवार सुबह मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। डॉक्टरी रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच चल रही है।

महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा ने बताया कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और उनकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर इस घटना से काफी आक्रोश फैला हुआ है। पुलिस ने पूरे मामले को संवेदनशीलता से संभालते हुए जांच तेज कर दी है।

Comment here