द जनमित्र | शशि
बक्सर के नया भोजपुर थाना इलाके में चंदा गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें चालक की जिंदगी उसी वक्त थम गई। चालक ट्रक की केबिन में बुरी तरह फंस गया था और मौके पर ही उसकी सांसें टूट गईं। मृतक की पहचान अंबेडकरनगर के जलालपुर के रहने वाले मोहित कन्नौजिया के रूप में हुई।




इस हादसे में ट्रक मालिक बिपिन यादव भी बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें फौरन प्राथमिक इलाज दिया गया, फिर हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल भेजा गया। बताया जाता है कि उस वक्त ट्रक में चालक के साथ मालिक भी सवार थे। आसपास के लोगों ने देखा कि ट्रक अचानक डगमगाई और सामने से आ रही दूसरी ट्रक से भिड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई।
हादसे की खबर मिलते ही नया भोजपुर ओपी प्रभारी मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि शायद ब्रेक फेल हो गया हो या चालक को झपकी आ गई हो। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने सामान्य करवाया। ट्रक की तकनीकी जांच होगी, ताकि हादसे की असल वजह सामने आ सके। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगला कदम उठाया जाएगा।

Comment here