द जनमित्र | शशि
औद्योगिक थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में चोरी की गई पांच लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। महाराष्ट्र पुलिस और बक्सर औद्योगिक थाना पुलिस के संयुक्त अभियान में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।


मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से हाल ही में पांच लग्जरी गाड़ियां चोरी हुई थीं, जिनमें फॉर्च्यूनर और थार जैसी महंगी गाड़ियां शामिल थीं। चोरी की इन गाड़ियों का सुराग लगाते हुए महाराष्ट्र पुलिस को सूचना मिली कि ये वाहन बक्सर के मंझरिया गांव में मौजूद हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ये गाड़ियां स्थानीय निवासी अभिषेक सिंह के परिसर में पाई गईं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने बक्सर औद्योगिक थाना पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से छापेमारी कर इन गाड़ियों को बरामद कर लिया।
औद्योगिक थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को महाराष्ट्र पुलिस अपने साथ ले गई है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। बरामद सभी गाड़ियों को औद्योगिक थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा किया गया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चोरी की गाड़ियां बक्सर तक कैसे पहुंचीं? साथ ही यह भी पता करने की कोशिश की जा रही है इस कांड में और कौन-कौन शामिल है तथा गाड़ियों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था? महाराष्ट्र पुलिस इस पूरे मामले की अगली कड़ी की जांच कर रही है। गिरफ्तार अभियुक्त के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Comment here