द जनमित्र | बिमल कुमार
होली की शाम अबीर लगाने को लेकर हुए विवाद में बीच-बचाव करने गए एक व्यक्ति पर लोगों ने हमला कर दिया जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बाद में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय किशुन पासवान के रूप में हुई है।


घटना बैगन गोला थाना क्षेत्र के अकोढी गोला गांव की है। गांव में कुछ लोग होली के दौरान अबीर लगाने को लेकर आपस में झगड़ने लगे। इसी दौरान किशुन पासवान वहां पहुंचे और उन्होंने झगड़े को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल किशुन पासवान को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया, लेकिन इलाज के दौरान रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के विकलांग बेटे रामजी पासवान ने बताया कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के विजय महतो, कलेंद्र कुमार और श्रीनिवास के लड़कों समेत लगभग 6 लोगों ने उनके पिता पर हमला किया।
हत्या की इस घटना के बाद अकोढी गोला गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Comment here