आहर से मिला इंसान का नर कंकाल, इलाके में मचा हड़कंप ..
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोंवा गांव में आहर से मिला है नर कंकाल, घटना स्थल पर पहुची कृष्णाब्रह्म थाने पुलिस…
द जनमित्र । एस कुमार विमल
बक्सर : जिले के डुमराँव अनुमंडल अंतर्गत कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवां गांव में आहर के पास एक नर कंकाल मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. घटनास्थल पर पहुँची कृष्णाब्रह्म थाने की पुलिस को जांच के दौरान घटना स्थल से कपड़े व जूता भी मिला है जिसके आधार पर कंकाल की पहचान सोवां निवासी 85 वर्षीय गुप्तेश्वर महतो के रूप में की गई है. वह पिछले दो सप्ताह से लापता थे. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नर कंकाल को जब्त कर लिया और बाद में परिजनों के हवाले कर दिया.

11 दिसम्बर से गायब था मृतक.
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सोवां गांव निवासी गुप्तेश्वर महतो बीते 11 दिसंबर को घर से निकले थे. लेकिन वह घर लौटकर नहीं आए. इसी बीच परिजनों द्वारा उनकी काफी खोजबीन की गई लेकिन कहीं सुराग नहीं मिला. मामले की जानकारी विदेश में रह रहे वृद्ध के दोनों पुत्रों को हुई तो उन्होंने भी अपने जानने वालों से पिता की तलाश करवायी लेकिन सफलता नहीं मिली. इसी बीच गांव के कुछ किसान खेत घूमने आहर की तरफ गए थे. ग्रामीणों ने देखा कि आहर में एक नर कंकाल पड़ा हुआ है. किसानों ने मामले की जानकारी फौरन गांव के लोगों को दी. थोड़ी ही देर में आहर के पास लोगों का हुजूम उमड़ गया. घटनास्थल पर मिले कपड़ों से पहचान की गई. घरवालों के मुताबिक गायब वृद्ध मानसिक रूप से कमजोर हो गए थे. अंदेशा जताया जा रहा है कि शौच के दौरान आहर में गिरने से उनकी मौत हो गई होगी.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष :
कंकाल बरामदगी के बाद मामले की जांच हुई. परिजनों ने शव की पहचान की है. मामले में जांच आदि के लिए परिजनों के द्वारा कोई आवेदन नहीं दिया गया है अगर आवेदन मिलता है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि आहर से नर कंकाल मिलने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. लोगो की माने तो जब वृद्ध मानसिक रूप से अस्वस्थ थे तो कपड़े और जूते खोलने का ज्ञान उन्हें कहा से मिल गया .

Comment here