द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के डुमरांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। दानापुर-डीडीयू रेलखंड पर डुमरांव रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन पूरी तरह बाधित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार दोपहर पोल संख्या 644/14 और 644/16 के बीच डाउन मेन लाइन पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव पटरी पर ही पड़ा रह गया।
मृत महिला पीले रंग की साड़ी पहने हुए थी और उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। हादसे के बाद पटरी पर शव पड़े रहने से रेल यातायात प्रभावित हुआ। पटना से मुंबई जा रही सुविधा एक्सप्रेस को डुमरांव स्टेशन पर ही रोकना पड़ा। ट्रेन करीब 14 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार अपनी टीम और रेलकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत शव को पटरी से हटवाया, जिसके बाद सुविधा एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया और रेल परिचालन सामान्य हो सका।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और रेलवे स्टेशन व आसपास के इलाकों में महिला की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा दुर्घटनावश हुआ या महिला ने जानबूझकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। जीआरपी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।


Comment here