राजनीति

जदयू के नए जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा का भव्य स्वागत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नवमनोनीत जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा पहली बार जिला मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें गर्मजोशी और भव्य स्वागत से नवाजा। शहर के गोलंबर से रामरेखा घाट तक विभिन्न स्थानों पर फूल-मालाओं, नारों और उत्साहपूर्ण माहौल में उनका अभिनंदन किया गया।

स्वागत के दौरान डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। राजकुमार शर्मा ने स्टेशन रोड पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, कामरेड ज्योति प्रकाश और बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में लोहार कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने उनका नागरिक अभिनंदन किया। उन्होंने रामेश्वर नाथ मंदिर में भी पूजा कर आशीर्वाद लिया।

स्वागत समारोह में जदयू सलाहकार समिति के सदस्य सुदर्शन शर्मा, अशोक शर्मा, रामदेव शर्मा, विनोद शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। जदयू प्रदेश सलाहकार समिति के सदस्य रविराज और युवा जदयू के रविकांत कुशवाहा भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इसके बाद उनका काफिला बाईपास रोड स्थित शिव प्रभा मैरिज हॉल पहुंचा, जहां आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने भाग लिया। इससे पहले राजकुमार शर्मा ब्रह्मपुर जाकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद ले चुके थे।

शिव प्रभा मैरिज हॉल में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड बिहार की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसका मूल उद्देश्य विकास और जनसेवा है। संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे डुमरांव के लिए रवाना हुए, जहां जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पार्टी कार्यकर्ताओं में संगठन मजबूत करने और बूथ स्तर तक विस्तार की तैयारी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।

Comment here