स्थानीय

डीटीओ में शराब बरामदगी मामला: होमगार्ड जवान निलंबित

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला परिवहन कार्यालय परिसर में शराब की भरी-खाली बोतलें मिलने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस घटना को लेकर एक होमगार्ड जवान को तुरंत निलंबित कर दिया गया है, जबकि पूरे प्रकरण की गहन छानबीन चल रही है। दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

14 मई 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस और मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम ने परिसर में अचानक छापा मारा। इस दौरान मौके से शराब से भरी और खाली बोतलें जब्त की गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समादेष्टा गृहरक्षक ने संबंधित गृहरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही, चेकपोस्ट पर पहले से तैनात सभी गृहरक्षकों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी गई है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं, इसके लिए नए रोस्टर के आधार पर गृहरक्षकों की तैनाती कर दी गई है।

इस घटना से एक दिन पहले 13 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें गंभीर आरोप लगाए गए थे। प्रशासन ने इन सामग्रियों को गंभीरता से लिया है और उनकी सत्यता जांचने के लिए तीन स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है।

समिति को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह वायरल सामग्री में उठाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करे तथा जल्द से जल्द अपना रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंपे।

जिला पदाधिकारी बक्सर ने साफ कहा है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शराबबंदी कानून के उल्लंघन में किसी भी स्तर की लापरवाही या संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पूरे प्रकरण के बाद जिला परिवहन कार्यालय और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

Comment here