स्थानीय

किला मैदान में धूमधाम से मनाया गया विश्वामित्र महोत्सव

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

शनिवार शाम बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में विश्वामित्र महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कला, संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में बिहार की लोक परंपराओं, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी साहिला, जिला जज, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित भोजपुरी गायक भरत शर्मा और प्रसिद्ध लोक गायक विष्णु ओझा ने दीप प्रज्वलित करके किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही पूरे मैदान में सांस्कृतिक उत्साह का माहौल बन गया।

मंच की शुरुआत कोलकाता स्पीड डांस ग्रुप के कलाकारों ने गणेश वंदना पर शानदार नृत्य प्रस्तुति से की। इसके बाद राधा सिन्हा ग्रुप ने श्रीराम-सीता विवाह पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। कलाकारों द्वारा गाया गया गीत “आज जनकपुर में मड़वा” सुनकर वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंच के पीछे लगी बड़ी स्क्रीन पर रामरेखा घाट के विवाह दृश्य दिखाए गए, जिससे प्रस्तुति और अधिक जीवंत और प्रभावशाली बन गई। नृत्य, संगीत और मांगलिक गीतों के माध्यम से बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को खूबसूरती से उकेरा गया।

बॉलीवुड गायिका भव्या पाण्डेय ने मंच संभालते हुए “श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में” भजन से शुरुआत की। उनकी मधुर आवाज ने पूरे मैदान को भक्ति रस में डुबो दिया। उन्होंने पारंपरिक गीतों की भी प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूम उठे।

जिला पदाधिकारी साहिला ने कहा, “विश्वामित्र महोत्सव का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और बिहार की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव को और मजबूत करते हैं।”

कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक नृत्य और संगीत प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। श्रीराम-सीता के आदर्श जीवन के साथ ही वीर कुंवर सिंह की वीरता को भी मंच पर जीवंत किया गया। जिले के आला अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। देर रात तक चले इस उत्सव ने बक्सर की धरती को भक्ति, कला और परंपरा के रंगों से रंग दिया। विश्वामित्र महोत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बक्सर की सांस्कृतिक पहचान आज भी जीवंत और समृद्ध है।

Comment here