स्थानीय

ब्रह्मपुर के ऐतिहासिक घोड़ा मेले में 18 फरवरी को घुड़दौड़ का रोमांच

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के ब्रह्मपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित हो रहे प्रसिद्ध घोड़ा मेले में 18 फरवरी को प्रस्तावित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया है। दूर-दराज के इलाकों से आए अश्व प्रेमी और व्यापारी इस प्रतियोगिता की चर्चा में डूबे हुए हैं। मेले के मैदान को विशेष रूप से तैयार किया गया है और दौड़ के लिए पूरी व्यवस्था मुकम्मल कर ली गई है।

आयोजकों के मुताबिक इस घुड़दौड़ में बिहार के अलग-अलग जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी कई नामी और तेज रफ्तार घोड़े हिस्सा लेंगे। शानदार प्रशिक्षण प्राप्त अश्व अपनी संतुलित चाल और गति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। स्थानीय निवासियों के अलावा आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में दर्शक इस आयोजन को देखने पहुंचने वाले हैं।

प्रतियोगिता में केशोपुर पंचायत के मुखिया छोटू मिश्र के ‘मिल्खा’ और ‘साधु’ नामक घोड़े शामिल होंगे। इसके अलावा भोजपुर जिले के बेलौटी निवासी पंकज त्रिपाठी और पंजाब के एक सरदार के घोड़े भी दौड़ में उतरेंगे। इस मेले से राजनीतिक हस्तियों का लंबा नाता रहा है। तीन-चार वर्ष पहले तेजप्रताप यादव ने यहां से मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा खरीदा था। पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह और ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर विधायक अनंत सिंह जैसे कई राजनीतिक परिवारों के लोग हर साल घोड़ों की खरीद-फरोख्त के लिए इस मेले में आते हैं।

व्यापारियों का कहना है कि घुड़दौड़ प्रतियोगिता ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए हैं। कई घोड़ा मालिक अपने बेहतरीन नस्ल के घोड़ों को खास तौर पर इस दौड़ के लिए लाए हैं। विजेता घोड़े और उसके मालिक को सम्मानित करने की व्यवस्था से प्रतियोगिता का क्रेज और बढ़ गया है।

मुगलकाल से चला आ रहा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर की नगरी ब्रह्मपुर का यह पशु मेला कृषि-पशुपालन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। यहां न सिर्फ घोड़ों की खरीद-बिक्री होती है, बल्कि पारंपरिक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की कड़ी व्यवस्था की है ताकि कार्यक्रम सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर 18 फरवरी की यह घुड़दौड़ प्रतियोगिता ब्रह्मपुर मेले का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभर रही है और पूरे क्षेत्र में रोमांच का माहौल छाया हुआ है।

Comment here