स्थानीय

पूर्व विधायक ने बासगीत पर्चाधारियों की सुनी शिकायतें, अधिकारियों से कराएंगे वार्ता

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर में पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने बासगीत पर्चाधारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न अनुसूचित बस्तियों से आए दो दर्जन से अधिक पर्चाधारियों ने एकजुट होकर अपनी शिकायतें रखीं।

पर्चाधारियों ने बताया कि उन्हें कई वर्ष पहले बासगीत योजना के तहत जमीन का पर्चा आवंटित किया गया था, लेकिन आज तक उन भूखंडों पर उनका वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका है। कुछ मामलों में दबंगों द्वारा अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया, जबकि कई लोगों ने जानकारी के अभाव में अब तक अपनी जमीन का जमाबंदी भी नहीं कराया है। इससे सरकारी अभिलेखों में स्वामित्व होने के बावजूद वे जमीन का कोई लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही और उदासीनता का गंभीर आरोप लगाया।

पूर्व विधायक डॉ. अजित कुमार सिंह ने सभी मामलों को विस्तार से सुना और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बासगीत पर्चा गरीबों और अनुसूचित समाज के लोगों को छत और जमीन का हक देने के लिए बनाई गई योजना है, लेकिन यदि वर्षों बाद भी लोगों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा तो यह प्रशासनिक स्तर पर बड़ी विफलता है।

डॉ. सिंह ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने वादा किया कि आवंटित भूखंडों पर पर्चाधारियों को विधिवत कब्जा दिलाने और लंबित जमाबंदी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से तत्काल वार्ता की जाएगी।

इस मौके पर समाजसेवी रामजी सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने पर्चाधारियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि गरीबों के अधिकारों के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

Comment here