स्थानीय

30 फीट गहरे कुएं से कोबरा सांप का सफल रेस्क्यू

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के बोक्सा क्षेत्र में एक 30 फीट से अधिक गहरे कुएं में फंसे 5 फीट लंबे जहरीले कोबरा सांप को स्नेक रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सांप दो दिनों से कुएं में फंसा था और बार-बार बाहर निकलने की असफल कोशिश कर रहा था। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची टीम ने जोखिम भरे ऑपरेशन में सांप को बचाया।

ग्रामीणों का कहना है कि विशालकाय कोबरा को कुएं में देखकर वे हैरान रह गए। सांप कभी दीवार पर चढ़ने की कोशिश करता तो कभी ईंटों पर बैठ जाता। ग्रामीणों ने पहले खुद बांस डालकर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बक्सर के प्रसिद्ध स्नेक रेस्क्यूअर हरिओम चौबे को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हरिओम चौबे मौके पर पहुंचे। कुआं बेहद गहरा था, जिसमें उतरना जोखिम भरा था। कोबरा की मौजूदगी के अलावा कुएं में गैस का खतरा भी था। फिर भी, चौबे ने विशेष तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने 30 फीट लंबे बांस के सिरे पर छोटी लकड़ी बांधकर कुएं में उतारा। कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप लकड़ी में फंस गया और बांस को सावधानी से बाहर खींच लिया गया।

बाहर निकलते ही कोबरा ने फन फैलाकर डसने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोग सहम गए। हालांकि, हरिओम चौबे ने कुशलता से उसे काबू में कर लिया। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया ताकि उसकी स्थिति की जांच की जा सके।

हरिओम चौबे ने बताया कि ठंड के मौसम में सांप सक्रिय होकर बाहर निकलते हैं और ऐसे हादसे हो जाते हैं। दो दिनों तक पानी में रहने से सांप की एक्टिविटी कम हो गई थी और उसकी त्वचा सफेद व ठंडी पड़ गई थी, लेकिन जहर पूरी तरह सक्रिय है। थोड़ी सी चूक से इंसान की मौत हो सकती है। फिलहाल, 5 फीट के इस कोबरा को एक दिन ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद जंगल में सुरक्षित रिलीज कर दिया जाएगा।

Comment here